Headlines

यूपी की सबसे बड़ी परीक्षा खत्म…244 सॉल्वर पकड़े गए:दूल्हा और महिला प्रधान परीक्षा देने पहुंचीं; कहा-पुलिस मेरा पैशन…देश सेवा करना चाहते हैं

यूपी की सबसे बड़ी पुलिस भर्ती परीक्षा खत्म हो गई है। 2 दिन यानी 17-18 फरवरी को 4 शिफ्ट में एग्जाम हुए। इस दौरान 244 सॉल्वर पकड़े गए। पहले दिन 43 जिलों से 122 सॉल्वर अरेस्ट हुए थे। पहले दिन की बजाय दूसरे दिन सेंटरों ज्यादा सख्ती रही। मथुरा में परीक्षा केंद्र पर लड़कियों की चूड़ी और अंगूठी तक उतरवा दी गई।

आगरा में शादी से पहले दूल्हे ने शेरवानी में पेपर दिया। बरेली में महिला प्रधान परीक्षा देने पहुंचीं। उन्होंने कहा कि पुलिस मेरा पैशन है। मैं देश सेवा करना चाहती हूं। उन्नाव में परीक्षा देने पहुंची गर्भवती महिला की डिलीवरी हो गई।

महिला सुनीता एग्जाम दे रही थी। तभी लेबर पेन हुआ। इसके बाद ड्यूटी पर तैनात शिक्षक ने उसे आनन-फानन में अस्पताल भिजवाया। हॉस्पिटल के गेट पर पहुंचते ही महिला की डिलीवरी हो गई।

इस एग्जाम के लिए 48 लाख 17 हजार कैंडिडेट्स ने अप्लाई किया था। पहले दिन 24 में से 21 लाख 76 हजार लोगों ने पेपर दिया। दूसरे दिन भी 24 लाख अभ्यर्थियों का पेपर था। हालांकि, दूसरे दिन आंकड़ा अभी नहीं आया है। शनिवार शाम को कानपुर सेंट्रल में अभ्यर्थी की इतनी भीड़ हुई कि वहां पैर रखना मुश्किल हो गया। जगह नहीं मिली, तो कई अभ्यर्थी स्टेशन की सीढ़ी पर बैठे-बैठे ही सो गए।

कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने कानपुर स्टेशन पर उमड़ी भीड़ की फोटो पोस्ट करके यूपी सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि डबल इंजन सरकार मतलब बेरोजगारों पर डबल मार…आज बेरोजगारी की बीमारी से UP का हर तीसरा युवा ग्रसित है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Budget 2024