पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने बुधवार को राजस्थान से राज्यसभा के लिए नामांकन दाखिल किया। आज करीब 12 बजे कांग्रेस के बड़े नेताओं के साथ सोनिया गांधी राजस्थान विधानसभा पहुंचीं। उनके नामांकन के दौरान राहुल व प्रियंका गांधी भी मौजूद थे। सोनिया के जयपुर पहुंचने के बाद ही पार्टी ने उनके नाम की औपचारिक घोषणा की थी।
सोनिया गांधी पूर्व प्रधानमंत्री डॉ मनमोहन सिंह की खाली हो रही सीट से राज्यसभा जाएंगी। उनके नामांकन से कांग्रेस के स्थानीय नेता खासे उत्साहित हैं। यह पहली बार है जब गांधी परिवार का कोई सदस्य राज्यसभा या लोकसभा के लिए राजस्थान से निर्वाचित होने जा रहा हो।